शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़

C

CG Khabar

26 फ़र. 2026, 02:31 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

क्रिकेट
क्रिकेट

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की अंडर-23 टीम ने पहली बार कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है. नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की.


मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी में मयंक वर्मा (81 रन) और राहुल प्रधान (58 रन) की ठोस बल्लेबाजी की बदौलत 286 रन बनाए. जवाब में वरुण सिंह भुई की घातक गेंदबाजी (6 विकेट) के सामने राजस्थान की टीम पहली पारी में महज 181 रनों पर ढेर हो गई. 


105 रनों की बढ़त के साथ छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 284 रन जोड़े, जिसमें मयंक वर्मा के 90 और कप्तान दीपक यादव के 84 रनों का अहम योगदान रहा. खेल के अंतिम दिन राजस्थान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 11 ओवर में 5 विकेट खोकर 84 रन बनाए थे, जिसके बाद मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया. 


पहली पारी की बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ को विजेता घोषित किया गया.


मयंक वर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. पूरे टूर्नामेंट में मयंक ने अब तक 5 मैचों में 579 रन बनाए हैं, जबकि आयुष पांडे ने 98 की औसत से 489 रन ठोककर टीम को मजबूती दी है. 


गेंदबाजी में वरुण सिंह भुई 36 विकेटों के साथ टीम के मुख्य हथियार साबित हुए हैं. अब छत्तीसगढ़ का मुकाबला सेमीफाइनल में 1 से 4 मार्च के बीच इसी मैदान पर मजबूत तमिलनाडु की टीम से होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP