छत्तीसगढ़: रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ
रायपुर । संवाददाता: रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस शनिवार से शुरू हो गई है. इस ट्रेन का नाम ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ के रूप में किया गया है.
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने अपने तप, त्याग और विचारों से समाज को नई दिशा दी. गुरुदेव के देह त्याग का सौभाग्य छत्तीसगढ़ की पावन भूमि मां बमलेश्वरी की धरती डोंगरगढ़ को प्राप्त हुआ, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है.
उन्होंने कहा कि मूकमाटी एक्सप्रेस का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को राष्ट्रीय पटल पर सशक्त रूप से स्थापित करता है.
रायपुर-जबलपुर-रायपुर मूकमाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस (11701/11702) दोनों शहरों के बीच प्रतिदिन चलने वाली एक प्रमुख ट्रेन है, जो लगभग 411 किलोमीटर की दूरी 8 घंटे में तय करती है.
रायपुर से (11701) यह दोपहर 14:35 बजे प्रस्थान कर दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर और मदन महल होते हुए रात 22:45 बजे जबलपुर पहुँचती है.
वहीं वापसी में जबलपुर से (11702) यह सुबह 06:00 बजे निकलकर इन्हीं स्टेशनों से गुजरते हुए दोपहर 13:50 बजे रायपुर वापस आती है.
इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के साथ-साथ आरक्षित सेकंड सीटिंग और एसी चेयर कार के कोच उपलब्ध हैं.