AIIMS रायपुर में 4 महीने में 100 रोबोटिक सर्जरी
रायपुर । संवाददाता: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपने रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी कार्यक्रम की शुरुआत के महज चार महीनों के भीतर 100 सफल सर्जरी पूरी कर ली हैं. अगस्त 2025 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के साथ AIIMS रायपुर सेंट्रल इंडिया का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है, जहां उन्नत रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है.
संस्थान में अब तक नेफ्रेक्टॉमी, सिस्टेक्टॉमी, हेमीकोलेक्टॉमी, प्रोस्टेटेक्टॉमी, पायलोप्लास्टी, हर्निया रिपेयर, गैस्ट्रेक्टॉमी और हिस्टरेक्टॉमी जैसी जटिल सर्जरी रोबोटिक तकनीक से की जा चुकी हैं.
AIIMS रायपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने कहा कि कम समय में 100 रोबोटिक सर्जरी पूरी होना टीम के सुनियोजित प्रशिक्षण और उच्च गुणवत्ता वाली मरीज देखभाल का प्रमाण है.
उन्होंने बताया कि इस तकनीक से छोटे चीरे, कम दर्द, कम रक्तस्राव, कम अस्पताल प्रवास और तेजी से रिकवरी जैसे लाभ मरीजों को मिल रहे हैं.
जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. देबज्योति मोहंती के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी से ऑपरेशन की दक्षता बढ़ी है, जिससे मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम हो रही है और छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के मरीजों को उन्नत इलाज मिल पा रहा है.
वहीं यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि प्रोस्टेट सर्जरी में ऑपरेशन समय 154 से 170 मिनट तक सिमट गया है, जो वैश्विक औसत 200 मिनट से काफी कम है.