छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिये ₹7,470 करोड़ का बजट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास के लिए बजट में ₹7,470 करोड़ का प्रावधान किया गया है. यह राशि वर्ष 2009–14 के दौरान हुए औसत वार्षिक व्यय की तुलना में लगभग 24 गुना अधिक है. वर्तमान में राज्य में ₹51,080 करोड़ की रेल परियोजनाएँ विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं.
इन परियोजनाओं में नए रेल ट्रैक का निर्माण, स्टेशनों का पुनर्विकास और सुरक्षा उन्नयन जैसे कार्य शामिल हैं. बस्तर क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाला रावघाट–जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिससे जनजातीय अंचलों में आवागमन और विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर सहित नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति दी गई है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में यात्री ट्रेनों की संख्या आने वाले वर्षों में लगभग दोगुनी होने की संभावना है.
अमृत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पहले ही पूर्ण किए जा चुके हैं. इसके साथ ही राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की एक जोड़ी सेवाएँ संचालित हो रही हैं.
वर्ष 2014 के बाद राज्य में लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर और अंडरपास तथा ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना की गई है. इन पहलों से छत्तीसगढ़ रेल सुविधा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो रहा है.