शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: खंभे से टकराई अनियंत्रित बाइक, एक की मौत, दूसरा गंभीर

C

CG Khabar

03 मार्च 2026, 01:28 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पिकनिक मनाकर लौट रहे दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए. चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोवर्धनपुर के पास हुए इस भीषण एक्सीडेंट में एक 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.


मिली जानकारी के मुताबिक, तुर्रीपारा निवासी रितेश उरांव सोमवार को अपने दोस्त राजेश चंद्रा के साथ जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए आमापाल गया था. दिनभर दोस्तों के साथ वक्त बिताने के बाद, शाम करीब 4 बजे दोनों बाइक से वापस घर की ओर निकल रहे थे. सफर के दौरान गोवर्धनपुर के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. 


चश्मदीदों के अनुसार, बाइक डिवाइडर से टकराकर इतनी जोर से उछली कि वह सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी.


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने रितेश उरांव को मृत घोषित कर दिया. 


वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश यादव (चंद्रा) का उपचार फिलहाल जारी है, जिसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दे दी है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP