धमतरी के श्रृंगी ऋषि पहाड़ी में मिला तेंदुए का शावक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र स्थित बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के ग्राम छिपली पारा में तेंदुए का शावक मिला है. यहाँ श्रृंगी ऋषि पहाड़ी की तराई में स्थित खेतों में ग्रामीणों ने लगभग चार माह के एक तेंदुए के शावक को देखा. आशंका जताई जा रही है कि यह शावक अपनी माँ से बिछड़कर भटकते हुए रिहायशी इलाके के करीब पहुँच गया था.
ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शावक को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया.
इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शावक को नगरी स्थित पशु चिकित्सालय ले जाया गया. डॉक्टरों द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में शावक पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है.
रेंज अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार, शावक को बेहतर देखभाल और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए नया रायपुर स्थित जंगल सफारी भेज दिया गया है.