छत्तीसगढ़: बालको में L&T कंपनी के सैकड़ों कमागार हड़ताल पर
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नगरी कोरबा में स्थित भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) के भीतर संचालित एक बड़े प्रोजेक्ट में शुक्रवार को भारी तनाव की स्थिति बन गई है. यहां एलएंडटी (L&T) कंपनी के अधीन काम करने वाले सैकड़ों श्रमिकों ने वेतन विसंगतियों को लेकर मोर्चा खोल दिया है.
कल से शुरू हुई यह हड़ताल आज आंदोलन में तब्दील हो गई, जिससे प्रोजेक्ट स्थल पर निर्माण और तकनीकी कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं.
प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने सुबह से ही कामकाज का बहिष्कार कर दिया और प्लांट परिसर में स्थित प्रोजेक्ट कार्यालयों का घेराव किया.
आक्रोशित मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कर्मियों का मुख्य आरोप है कि उनके साथ वेतन के मामले में भेदभाव किया जा रहा है.
मजदूरों के अनुसार, पानीपत और सिंगरौली जैसे अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में केंद्र के समान उच्च दर पर भुगतान किया जा रहा है, जबकि बालको प्रोजेक्ट में उन्हें अब भी पुराने और कम वेतन ढांचे पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है.
इस हड़ताल में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर और सहायकों समेत सैकड़ों की संख्या में कुशल व अकुशल श्रमिक शामिल हैं.
आंदोलन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है.
हालांकि, प्रबंधन और आंदोलनकारी श्रमिकों के बीच अब तक कोई आधिकारिक समझौता नहीं हो पाया है. सबकी निगाहें अब बालको प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी के रुख पर टिकी हैं, क्योंकि उनके हस्तक्षेप के बाद ही इस गतिरोध के समाप्त होने की उम्मीद है.