कोरबा: गेवरा-पेंड्रा रेल लाइन से 2 करोड़ का सामान उड़ा लिया
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कबाड़ माफिया ने गेवरा से पेंड्रा तक बन रही नई रेल लाइन परियोजना से चोरों ने करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की रेलवे सामग्री चुरा ली है. इसमें रेल पटरियां, लोहे की प्लेटें, भारी मशीनरी के पुर्जे और अन्य महत्वपूर्ण सामान शामिल हैं.
शिवाकृति प्राइवेट कंपनी द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में चोरों ने कुसमुंडा से जटगा के बीच 60-65 किलोमीटर के इलाके में कई स्थानों पर वारदात को अंजाम दिया. मुख्य रूप से रात के समय सुनसान क्षेत्रों में सक्रिय होकर उन्होंने नई बिछाई जा रही पटरियों को गैस कटर से काटकर ले गए.
कंपनी के अनुसार, चोरी की ये घटनाएं अलग-अलग दिनों में हुईं, जिससे परियोजना को भारी वित्तीय नुकसान के साथ-साथ समय-सीमा में भी देरी हो रही है.
निर्माण स्थल पर खड़ी एक हाइड्रा मशीन के शीशे तोड़कर मशीनरी को भी क्षति पहुंचाई गई. मजदूर और कर्मचारी लगातार हो रही इन घटनाओं से डर के साए में काम कर रहे हैं. कंपनी प्रबंधन ने बांकी मोंगरा और कटघोरा थानों में शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है.
आशंका जताई जा रही है कि ये वारदातें एक संगठित गिरोह की हैं, जो चुराए गए लोहे को कबाड़ के रूप में बेच रहा है. इससे पहले उरगा इलाके में भी ऐसी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं.
गौरतलब है कि इसी जिले में 17 जनवरी की रात को ढोढ़ीपारा इलाके में 40 साल पुराना लोहे का पुल चुरा लिया गया था. चोरों ने गैस कटर, ऑक्सीजन और LPG सिलेंडर लेकर पूरी रात काम किया और 80 फुट लंबी लोहे की रेलिंग को टुकड़ों में काटकर गाड़ी में लाद ले गए.
पुल का इस्तेमाल स्थानीय लोग शहर आने-जाने के लिए करते थे, जिसके बाद ट्रैफिक रोक दिया गया. इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 5 आरोपी अभी फरार हैं.