शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में दंतैल हाथी का तांडव: रात के अंधेरे में बस्ती में मचाई तबाही

C

CG Khabar

14 सित. 2025, 01:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हाथी ने तोड़ा घर
हाथी ने तोड़ा घर

कोरबा । संवाददाता: शनिवार की रात कोरबा जिले की पसान ग्राम पंचायत की बस्ती में एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. हाथी ने करीब तीन घंटे तक बस्ती में घूमकर घरों, दुकानों, वाहनों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. 


ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़ गए और रात भर जागते रहे.


हाथी ने पसान के वार्ड नंबर 08 में एक पंच की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद एक किसान के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी तोड़ डाला. इतना ही नहीं, एक अस्पताल की स्टाफ नर्स की आटा चक्की की दुकान का लोहे का शटर तोड़कर हाथी ने अंदर रखे धान को खा लिया. 


ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही हाथी बस्ती में घुसा, उसकी दहाड़ से हड़कंप मच गया. लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे, जबकि हाथी ने भी कई बार ग्रामीणों को दौड़ाया. इस दौरान कई लोग बाल-बाल बचे.


स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी को भगाने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर काफी प्रयास किए. पसान के डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी ने बताया कि रात के समय दंतैल हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया. 


इस दौरान केवल आटा चक्की की दुकान के शटर को कुछ नुकसान हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है.


इस घटना ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP