कांकेर मेडिकल कॉलेज में कौन पढ़ाता है?
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर मेडिकल कॉलेज का हाल-बेहाल है. यहां पढ़ाने वालों के अधिकांश पद रिक्त हैं ऐसे में सवाल उठता है कि फिर राज्य के भावी डॉक्टरों को कौन पढ़ाता है. यह पढ़ाई करने वाले मेडिकल छात्र कितना सीख पाते हैं उस पर सरकारी आंकड़ें सवालिया निशान लगाते हैं.
स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कांकेर में प्रथम श्रेणी अधिष्ठाता के 1 पद है और उसमें 1 नियमित अधिष्ठाता पदस्थ हैं.
प्रथम श्रेणी प्राध्यापक के स्वीकृत पद हैं 24 जिसमें से 2 नियमित तथा 1 संविदा प्राध्यापक पदस्थ हैं जबकि 21 पद खाली हैं.
इसी तरह से प्रथम श्रेणी सह प्राध्यापक के 33 पद स्वीकृत हैं जिसमें नियमित 5 प्राध्यापक पदस्थ हैं तथा 28 पद खाली हैं.
प्रथम श्रेणी सहायक प्राध्यापक के 46 पद स्वीकृत हैं जिसमें 10 नियमित तथा 7 संविदा सहायक प्राध्यापक हैं जबकि 29 पद खाली हैं.
प्रथम श्रेणी सीनियर रेसीडेंट के 44 पद स्वीकृत हैं जिसमें 2 नियमित तथा 4 संविदा से भरे गये हैं. यहां भी 38 पद रिक्त हैं.
द्वितीय श्रेणी ट्यूटर के 26 पद0 स्वीकृत हैं जिसमें से 13 पद पर नियमित तथा 5 पद पर संविदा से भर्ती हैं. यहां भी 8 पद खाली हैं.
द्वितीय श्रेणी जूनियर रेसीडेंट के 43 पद स्वीकृत हैं जिसमें से 18 पद पर नियमित तथा 10 पद पर संविदा से भर्ती हैं. और 15 पद खाली हैं.
इस तरह से कुल मेडिकल की पढ़ाई करवाने वाले 217 में से 139 पद रिक्त पड़े हैं. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस मेडिकल कॉलेज से डॉक्टर बनने वाले कितनी डॉक्टरी जानते होंगे.