जगदलपुर: 13 साल के मासूम की तेज रफ्तार कार ने छीनी जान
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बोधघाट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:45 बजे ट्यूशन से साइकिल पर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई को एक तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा एलआईसी रोड पर माहरा समाज भवन के समीप हुआ, जहां धरमपुरा की ओर से आ रही कार ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दक्ष सड़क पर दूर तक जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोग और उसके साथी बच्चे दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी एमपीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
दक्ष आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का इकलौता बेटा था. वह हेम एकेडमी कालीपुर में कक्षा सात में पढ़ता था. उसके असमय चले जाने से परिवार सदमे में डूब गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश में जुट गई है.