शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में IPS अधिकारियों का बड़ा प्रमोशन, आनंद छाबड़ा बने ADG

C

CG Khabar

24 जन. 2026, 02:24 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

आनंद छाबड़ा IPS
आनंद छाबड़ा IPS

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक अहम फैसला लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 16 अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया है. इन पदोन्नतियों के आदेश भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) की स्वीकृति के बाद छत्तीसगढ़ गृह विभाग द्वारा जारी किए गए हैं.


यह पदोन्नतियां विभिन्न बैचों के अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस महानिरीक्षक (IG), उप महानिरीक्षक (DIG) और सेलेक्शन ग्रेड के पदों पर दी गई हैं.

विज्ञापन


डॉ. आनंद छाबड़ा बने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG)

छत्तीसगढ़ कैडर के 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा को 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर पदोन्नत किया गया है. उनके प्रमोशन को गृह मंत्रालय ने 6 जनवरी 2026 को मंजूरी दी, जिसके बाद राज्य सरकार ने औपचारिक आदेश जारी किए. उनकी पदोन्नति से छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ नेतृत्व को मजबूती मिलने की उम्मीद है.


2008 बैच के दो अधिकारी बने IG

2008 बैच के दो आईपीएस अधिकारियों प्रशांत कुमार अग्रवाल और मिलना कुर्रे को पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदोन्नत किया गया है. आदेश के अनुसार दोनों अधिकारियों को भविष्य में अनिवार्य रूप से मिड-कैरियर ट्रेनिंग (फेज-IV) करनी होगी. इनके नवीन पदस्थापना आदेश अलग से जारी किए जाएंगे.


केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारियों को प्रोफार्मा प्रमोशन

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी नीतु कमल को 1 जनवरी 2026 से IG वेतनमान में प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है. इसी तरह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ही तैनात दावुलुरी श्रवण को भी उसी तिथि से IG वेतनमान में प्रोफार्मा प्रमोशन प्रदान किया गया है, ताकि उनकी सेवा प्रगति में समानता बनी रहे.


2012 बैच के आठ IPS अधिकारी बने DIG

2012 बैच के कुल आठ आईपीएस अधिकारियों को उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) के पद पर पदोन्नत किया गया है. इन पदोन्नतियों को गृह मंत्रालय ने 6 और 9 जनवरी 2026 को स्वीकृति दी है. पदोन्नत अधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं-


विवेक शुक्ला, रजनीश सिंह, शशि मोहन सिंह, राजेश कुक्रेजा, श्वेता राजामणि, राजेश कुमार अग्रवाल और रामकृष्ण साहू.


इन पदोन्नतियों से छत्तीसगढ़ पुलिस के मध्य-स्तरीय नेतृत्व को सशक्त बनाने की उम्मीद जताई जा रही है.


2013 बैच के अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड

2013 बैच के चार आईपीएस अधिकारियों डॉ. अभिषेक पल्लव, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल और यशपाल सिंह को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नत किया गया है. इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत जितेंद्र शुक्ला को भी सेलेक्शन ग्रेड प्रदान किया गया है.


पुलिस नेतृत्व को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम

एक साथ विभिन्न बैचों के 16 आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति को राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस की प्रशासनिक और परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. ये पदोन्नतियां नियमित कैडर प्रबंधन का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था की कार्यकुशलता, कमांड स्ट्रक्चर और सुशासन को बेहतर बनाना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP