बिना ठोस कारण अलग रहने वाली पत्नी को गुजारा भत्ता नहीं- छत्तीसगढ़ HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई महिला बिना किसी वैध और ठोस कारण के अपने पति और ससुराल वालों से अलग रहने का फैसला करती है, तो वह गुजारा भत्ता पाने की हकदार नहीं होगी. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पीठ ने बिलासपुर फैमिली कोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें पत्नी की मासिक भत्ते की मांग को खारिज कर दिया गया था.
कोर्ट ने माना कि न्याय का आधार केवल रिश्ता नहीं, बल्कि पक्षकारों का आचरण भी होगा.
यह मामला बिलासपुर निवासी प्रवीण कुमार वेदुला की पत्नी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. पत्नी ने दहेज उत्पीड़न, कार और 10 लाख रुपये की मांग के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे.
हालांकि, कोर्ट ने पाया कि पति ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 के तहत वैवाहिक अधिकारों की बहाली के लिए याचिका दायर की थी, जिससे स्पष्ट होता है कि पत्नी के पास वापस लौटने का विकल्प था.
अदालत ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 125(4) के अनुसार, यदि पत्नी बिना किसी वाजिब कारण के अलग रहती है, तो वह भरण-पोषण का दावा नहीं कर सकती. हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले को कानूनी रूप से सही बताते हुए पत्नी की याचिका खारिज कर दी.