युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग: छत्तीसगढ़ में खुलेगा SECL का हेल्थ स्किल सेंटर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कोयला कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. SECL ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत नया रायपुर में एक अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवा कौशल विकास केंद्र स्थापित करने के लिए श्री सत्य साई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर SECL 35.04 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता खर्च करेगा.
इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कोयला उत्पादक क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक रूप से वंचित युवाओं को नर्सिंग सहायक, तकनीशियन और अन्य संबद्ध स्वास्थ्य क्षेत्रों में निःशुल्क और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना है.
परिसर में आधुनिक शैक्षणिक भवनों के साथ-साथ छात्रावास और आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. विशेष बात यह है कि SECL के परिचालन वाले जिलों के युवाओं के लिए इस संस्थान में 25 वर्षों तक कम से कम 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी.
यह साझेदारी SECL की स्वास्थ्य सेवा पहल 'एसईसीएल की धड़कन' का विस्तार है, जिसके माध्यम से पहले ही 180 से अधिक बच्चों की मुफ्त हार्ट सर्जरी की जा चुकी है.
अब कौशल विकास केंद्र के माध्यम से कंपनी स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी. इस समझौते पर SECL के महाप्रबंधक (CSR) सीएम वर्मा और ट्रस्ट के प्रतिनिधि विवेक नारायण गौर ने हस्ताक्षर किए.