बाढ़ के पानी से हाथी ने खुद को बचाया
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक हाथी ने बाढ़ के तेज बहाव में फंसने के बाद अपनी सूझबूझ से खुद को सुरक्षित निकाल लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना लुंड्रा के अस्कला में महोरा नदी के पास हुई, जहां पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर हैं.
नदी का तेज बहाव इतना खतरनाक था कि एक हाथी इसमें बह गया. पानी उसकी गर्दन तक पहुँच गया था, और वह करीब 50 मीटर तक बहाव में बहता रहा.
हाथी ने हार नहीं मानी और संघर्ष करते हुए आखिरकार नदी के किनारे तक पहुँच गया.
उसने अपनी सूँड़ और ताकत का इस्तेमाल कर किनारे पर पकड़ बनाई और सुरक्षित रूप से बाहर निकल आया.
एक स्थानीय निवासी ने इस रोमांचक दृश्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
वायरल हुये इस वीडियो में हाथी को तेज धारा में डटकर मुकाबला करते और अंततः सुरक्षित निकलते देखा जा सकता है.
यह वीडियो न केवल स्थानीय लोगों के लिये, बल्कि पूरे इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.