शराब के नशे में बाइक सवार कार से टकराया, मौके पर मौत
बलौदाबाजार । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि इस दुर्घटना से तीन अन्य लोग घायल हो गए. यह दुर्घटना रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर संडी बंगला गांव के पास रात करीब 10:30 बजे हुई.
मृतक की पहचान ससहा गांव निवासी सोनू साहू के रूप में हुई है. प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, सोनू साहू कथित तौर पर शराब के नशे में मोटरसाइकिल चला रहा था और उसकी बाइक एक कार से सामने से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा और सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
दुर्घटना में सोनू के साथ बाइक पर सवार उसके एक साथी को गंभीर चोटें आईं, जिसे बलौदाबाजार के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कार में सवार दंपति को भी चोटें आई हैं, जो हादसे के बाद इलाज के लिए रायपुर चले गए.
मेला वाले दिन हुआ हादसा
जिस दिन यह हादसा हुआ, उस दिन ससहा गांव में मेला (मड़ई) और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पलारी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मृतक सोनू साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस घटना की जांच के लिए मृतक के परिवार और घायलों के बयान दर्ज कर रही है.