DKS अस्पताल में CT-Scan-MRI जांच मुफ्त में होगी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डीकेएस में 60 वर्ष से अधिक उम्र के भर्ती एपीएल एवं बीपीएल दोनों मरीजों के लिए CT-Scan-MRI जांच मुफ्त में होगी. वहीं, ओपीडी में आने वाले मरीजों के CT-Scan-MRI जांच की दर को पुनरीक्षित करते हुए गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले मरीजों को एमआरआई जांच हेतु ₹2000 एवं सीटी स्कैन जांच हेतु ₹1000 राशि प्रावधानित करने का निर्णय लिया गया है. यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉडीकेएस अस्पताल के स्वशासी समिति के सामान्य सभा की बैठक में हुई.
पेट सीटी स्कैन तथा गामा कैमरा की सुविधा मरीजों को प्रदान किये जाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तीन महीने के अंदर इस सुविधा को प्रारंभ करने के लिए उपयुक्त व्यवस्था बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये. विभिन्न विभागों को दिए जाने वाले इंप्रेशन मनी की राशि को प्रति मांगपत्र ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख किया गया.
समिति की बैठक में मेडिकल कॉलेज के 200 छात्रों के लिए चयन किए गए छात्रावास भवन पर सहमति दी गई. शीघ्र ही यह छात्रावास संचालन में आ जाएगा. बैठक में डीकेएस अस्पताल के एमसीएच छात्रावास का शुल्क 5 हजार से घटाकर 2 हजार 5 सौ रुपए करने का निर्णय लिया गया.
चिकित्सा महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के लिए अति आवश्यक सामाग्रियों उपकरण/रियेजेन्ट/केमिकल/ डिस्पोजेबल सामाग्रियां इत्यादि जिनके मांगपत्र सीजीएमएससी को प्रेषित किये गए हैं, उन सामाग्रियों की आपातकालीन आवश्यकता होने पर सीजीएमएससी से एनओसी प्राप्त होने एवं राशि मिलने की प्रत्याशा में अधिष्ठाता स्तर पर छ.ग. भंडार क्रय नियमानुसार आवश्यकता के अनुरूप सामाग्री क्रय किये जाने की वित्तीय शक्ति प्रदत्त करने का अनुमोदन किया गया.