छत्तीसगढ़: जैजैपुर से Cong MLA बालेश्वर साहू गिरफ्तार, जेल भेजे गए
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है. विधायक पर एक किसान से 42.78 लाख रुपये की जालसाजी करने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, यह मामला उस समय का है जब बालेश्वर साहू साल 2015 से 2020 के बीच जिला सहकारी समिति, बम्हनीडीह के प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे.
शिकायतकर्ता राम कुमार शर्मा के अनुसार, साहू ने उन्हें उनकी 50 एकड़ जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड लोन लेने की सलाह दी थी और चाम्पा स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया था.
आरोप है कि विधायक और उनके सहयोगी गौतम राठौर ने किसान से खाली चेक प्राप्त कर और फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान का उपयोग कर कुल 42.78 लाख रुपये की राशि अपने और अपनी पत्नी के खातों में ट्रांसफर कर ली.
पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद 9 जनवरी 2026 को कोर्ट में चार्जशीट पेश की गई.
सीजेएम कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद विधायक को जेल वारंट पर हिरासत में ले लिया गया है.