शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: रायगढ़ में नदी में तैरते मिले दो हाथियों के शव

C

CG Khabar

12 मार्च 2026, 01:08 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हाथी
हाथी

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार शाम घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नदी में दो हाथियों के शव तैरते हुए पाए गए. इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. पिछले चार महीनों के भीतर इस क्षेत्र में हाथियों की मौत का यह पांचवां मामला है, जो वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है.


जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने नदी के कंपार्टमेंट नंबर 1273 के पास हाथियों के शवों को पानी में बहते देख वन अधिकारियों को सूचित किया था. 


बताया जा रहा है कि इस इलाके में पिछले कुछ दिनों से करीब 19 हाथियों का एक दल सक्रिय था. सूचना मिलते ही घरघोड़ा रेंज की टीम पशु चिकित्सकों के साथ मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. 


टीम ने लगभग पांच साल की उम्र के एक हाथी के शव को नदी से बाहर निकाल लिया है, जबकि दूसरे शव को निकालने के प्रयास जारी हैं.


वन अधिकारियों का शुरुआती तौर पर मानना है कि हाथियों की मौत नदी पार करते समय या नहाने के दौरान कीचड़ और गाद में फंसने से हुई होगी. 


हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी. फिलहाल, वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है. Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP