छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राज्य के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को आधुनिक बनाने के लिए एक व्यापक रोडमैप पेश किया है. इस बजट का मुख्य फोकस सड़क संपर्क, सिंचाई, स्वच्छ पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी पर रहा है.
राज्य सरकार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के लिए 9,450 करोड़ रुपये का भारी-भरकम आवंटन किया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के सड़क नेटवर्क का बड़े पैमाने पर विस्तार करना है.
इस बजट की सबसे बड़ी घोषणा 'मुख्यमंत्री द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना' है. 200 करोड़ रुपये के शुरुआती बजट वाली इस योजना के तहत राज्य में हाई-स्पीड 2-लेन और 4-लेन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे.
इसके साथ ही, दूरदराज के असंबद्ध गांवों में पुलों और सड़कों के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
कृषि और ग्रामीण विकास को मजबूती देने के लिए जल संसाधन विभाग को 3,500 करोड़ रुपये और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) को लगभग 4,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिससे सिंचाई क्षमताओं और पेयजल आपूर्ति नेटवर्क का विस्तार होगा.
शहरी और ग्रामीण विकास के लिए क्रमशः 2,150 करोड़ और 3,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये सुरक्षित रखे गए हैं.
ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए 90 नए सब-स्टेशनों के निर्माण हेतु 100 करोड़ रुपये और 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.