शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: शहीद दिनेश नाग की पत्नी को मिला 1.10 Cr का चेक

C

CG Khabar

29 दिस. 2025, 01:40 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

दिनेश नाग
दिनेश नाग

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद जवान के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है. माओवादी विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए डीआरजी (DRG) आरक्षक दिनेश नाग की धर्मपत्नी, श्रीमती पूजा नाग को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया.


यह राशि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की 'पुलिस सैलरी पैकेज' योजना के अंतर्गत प्रदान की गई है. सोमवार को बीजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में एसपी डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने शहीद की पत्नी को चेक सौंपा.


ज्ञात हो कि 18 अगस्त 2025 को बीजापुर जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा किए गए एक IED विस्फोट में आरक्षक दिनेश नाग वीरगति को प्राप्त हो गए थे. दिनेश नाग जिला रिजर्व गार्ड (DRG) में पदस्थ थे और वीरतापूर्वक अपनी सेवा दे रहे थे.


चेक वितरण के दौरान पुलिस और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे:


डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक, बीजापुर


श्री अमन कुमार झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स)


श्री चन्द्रकांत गवर्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक


श्री अभय प्रताप सिंह, शाखा प्रबंधक (SBI बीजापुर)


श्री विजय झाड़ी, बीडीएम


पुलिस अधीक्षक डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि शहीद आरक्षक दिनेश नाग का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा. यह सहायता राशि शहीद के परिवार के प्रति विभाग और बैंक की ओर से सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का एक प्रयास है, ताकि परिवार को भविष्य में संबल मिल सके.


पुलिस सैलरी पैकेज-


'पुलिस सैलरी पैकेज' (Police Salary Package - PSP) भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा पुलिस कर्मियों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया एक बैंकिंग समाधान है. यह केवल एक बैंक खाता नहीं है, बल्कि पुलिस बलों के कठिन कार्य और जोखिम को देखते हुए दी जाने वाली विशेष सुविधाओं का एक पूरा पैकेज है-


संक्षेप में इसके मुख्य लाभ इस प्रकार हैं:


1. मानार्थ बीमा कवर (मुफ्त बीमा)

इस पैकेज की सबसे बड़ी खूबी इसमें मिलने वाला मुफ्त बीमा है:


व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (मृत्यु): ड्यूटी के दौरान या सामान्य समय में दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को भारी आर्थिक सहायता मिलती है.


हवाई दुर्घटना बीमा: हवाई यात्रा के दौरान दुर्घटना होने पर करोड़ों रुपये का कवर.


विकलांगता कवर: पूर्ण या आंशिक विकलांगता की स्थिति में भी आर्थिक मदद का प्रावधान है.


2. बैंकिंग सुविधाएं

शून्य बैलेंस खाता (Zero Balance): खाते में कम से कम पैसा रखने की कोई बाध्यता नहीं होती.


असीमित एटीएम लेनदेन: किसी भी बैंक के एटीएम से कितनी भी बार मुफ्त निकासी.


ऋण पर छूट: होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन लेने पर प्रोसेसिंग फीस (Processing Fees) में 100% तक की छूट और आकर्षक ब्याज दरें.


3. अन्य विशेष लाभ

लॉकर शुल्क में छूट: बैंक लॉकर के वार्षिक किराए पर 25% से 50% तक की छूट.


ओवरड्राफ्ट सुविधा: जरूरत पड़ने पर 2 महीने की नेट सैलरी के बराबर पैसा खाते से एडवांस निकालने की सुविधा.


परिवार के लिए लाभ: परिवार के सदस्यों के लिए भी विशेष 'रिश्ते' बचत खाते की सुविधा.


यह पैकेज पुलिस कर्मियों के पद के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित होता है, जैसे सिल्वर, गोल्ड, डायमंड और प्लैटिनम.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP