छत्तीसगढ़: बीजापुर में मुठभेड़ के दूसरे दिन 2 शव और मिले
छत्तीसगढ़: बीजापुर में मुठभेड़ के दूसरे दिन 2 और नक्सली ढेर, कुल 6 मारे गए
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों का बड़ा नक्सल विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. रविवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ हुई ताजा मुठभेड़ में दो और नक्सली मारे गए, जिससे इस ऑपरेशन में अब तक मारे गए कुल नक्सलियों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है.
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने पुष्टि की है कि यह मुठभेड़ जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की जंगली पहाड़ियों में उस समय हुई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी.
इससे पहले शनिवार को इसी अभियान के दौरान चार माओवादियों को मार गिराया गया था, जिनकी पहचान वरिष्ठ कैडर दिलीप वेज्जा (डिविजनल कमेटी सदस्य), माड़वी कोसा और लक्खी मडकाम (एरिया कमेटी सदस्य) और पार्टी सदस्य राधा मेट्टा के रूप में हुई है. ये चारों माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी में सक्रिय थे.
रविवार को मारे गए दो नक्सलियों की शिनाख्त अभी की जानी बाकी है. इस पूरे ऑपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और सीआरपीएफ की कोबरा (CoBRA) यूनिट के जवान शामिल हैं. इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान अभी भी जारी है.