रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 35 रनों से हराया

C

CG Khabar

21 अग. 2025, 03:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

क्रिकेट
क्रिकेट

चेन्नई । डेस्क: अखिल भारतीय बुची बाबू निमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले राउंड में छत्तीसगढ़ ने गुरुनानक कॉलेज मैदान पर महाराष्ट्र को 35 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की. 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महाराष्ट्र की बल्लेबाजी लेग स्पिनर शुभम अग्रवाल (6/33) की शानदार गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. 


छत्तीसगढ़ की जीत में आयुष पांडे की दूसरी पारी में 49 रनों की महत्वपूर्ण पारी ने अहम भूमिका निभाई, जब बाकी बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे.

विज्ञापन


आयुष ने कहा, "टीम की जीत से बहुत खुशी है. मैं दलीप ट्रॉफी के लिए चुना गया हूँ, और यह टूर्नामेंट मेरे लिए बेहतरीन तैयारी है. पिछले सीजन में मैंने बुची बाबू में मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था, जिसने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया."


महाराष्ट्र की उम्मीदें तब तक जिंदा थीं, जब तक रुतुराज गायकवाड़ क्रीज पर थे, लेकिन युवा गेंदबाज वरुण सिंह ने उनकी अहम विकेट लेकर खेल का रुख पलट दिया. 


इसके बाद अग्रवाल ने लगातार विकेट चटकाए. आयुष ने कहा, "रुतुराज और कप्तान अंकित भवाने की विकेट बहुत महत्वपूर्ण थीं. वरुण, शशांक और अग्रवाल ने शानदार गेंदबाजी की."


20 वर्षीय वरुण सिंह ने इस टूर्नामेंट को रणजी ट्रॉफी के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका बताया. उन्होंने कहा, "चेन्नई में अलग परिस्थितियों और विकेट पर खेलना मेरे लिए नया अनुभव है. मैं गेंद को फ्लाइट देना और सूक्ष्म बदलाव करना पसंद करता हूँ. मैं कभी भी सामने वाले बल्लेबाज से डरता नहीं, मेरा लक्ष्य सिर्फ विकेट लेना है."


आयुष ने युवा स्पिनरों की तारीफ करते हुए कहा, "वरुण और तिवारी जैसे युवा गेंदबाज न सिर्फ इस टूर्नामेंट में, बल्कि अंतर-जिला और अन्य टूर्नामेंटों में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. अगर वे ऐसे ही खेलते रहे, तो उन्हें रणजी ट्रॉफी में मौका मिल सकता है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP