बस्तर के 47 गांवों में पहली बार फहराया गया तिरंगा- विजय शर्मा
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में ध्वजारोहण किया और बस्तर क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक बदलावों पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि इस वर्ष बस्तर के 47 ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया है, जहां आजादी के बाद से अब तक राष्ट्रीय ध्वज कभी नहीं पहुंचा था.
विजय शर्मा ने इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर के अंतिम छोर तक संवैधानिक शासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और अब सुरक्षा बलों की पहुंच उन दुर्गम इलाकों तक हो चुकी है जो कभी नक्सलियों के गढ़ माने जाते थे.
बीजापुर जिले के कर्रेगट्टा पहाड़ियों पर हुए हालिया आईईडी ब्लास्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री ने इसे नक्सलियों की हताशा बताया. उन्होंने पुष्टि की कि सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के एक मजबूत ठिकाने को ध्वस्त किए जाने के बाद यह हमला किया गया, जिसमें नौ जवान घायल हुए हैं.
उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी घायल जवान खतरे से बाहर हैं और कुछ को बेहतर इलाज के लिए रायपुर शिफ्ट किया गया है.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने दोहराया कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार नक्सलियों से आत्मसमर्पण और पुनर्वास की अपील कर रही है, लेकिन हिंसा का रास्ता चुनने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि 31 मार्च, 2026 तक छत्तीसगढ़ पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो जाएगा और पूरे बस्तर में संविधान लागू होगा.