अननेचुरल सेक्स से परेशान पत्नी ने पति का सिर कलम करवाया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. यहां एक महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या करवाने के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को 40 हजार रुपये की सुपारी दी थी. हत्यारों ने तलवार से सिर काटकर धड़ को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि यह ट्रेन हादसा लगे, जबकि सिर को 10 किलोमीटर दूर जमीन में दबा दिया.
पुलिस की सघन जांच के बाद पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस जांच से पता चला है कि मृतक की पत्नी कुसुम जोशी (35 वर्ष) लंबे समय से पति गैस कुमार जोशी (39 वर्ष, निवासी भोथीडीह, जिला बेमेतरा) की हरकतों से त्रस्त थी.
कुसुम ने बताया कि पति उसे अननेचुरल सेक्स के लिए मजबूर करता था, मारपीट करता था और अन्य पुरुषों से संबंध बनाने का दबाव डालता था. इससे परेशान होकर उसने अपने मामा राजेश भारती (32 वर्ष, निवासी दरचुरा) से मदद मांगी. दोनों ने मिलकर दो सुपारी किलर्स दारासिंह अनंत (44 वर्ष, निवासी डिग्गी) और करन अनंत (34 वर्ष, निवासी बड़े जरौद) से संपर्क किया और हत्या का सौदा पक्का किया.
योजना के अनुसार, कुसुम ने पति को अपने मामा के घर पार्टी के बहाने बुलाया. वहां पहले से मौजूद किलर्स ने मिलकर गैस कुमार को खूब शराब पिलाई. नशे में धुत होने पर चारों ने उसे पीटा और बेहोश कर दिया.
फिर कार में डालकर करीब 20 किलोमीटर दूर हथबंद-भाटापारा रेलवे ट्रैक के पास ले गए. वहां धारदार तलवार से सिर काट दिया. हत्या के समय कुसुम मामा के घर पर ही थी और मौके पर नहीं गई.
दरअसल, यह क्रूर वारदात 11 जनवरी 2026 की सुबह की है. ग्राम मजगांव के पास रेलवे लाइन पर लोगों ने सिर कटा धड़ देखा तो हड़कंप मच गया. हथबंद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया. धड़ पर हल्की नीली जींस थी और दाहिने हाथ पर टैटू में 'G.K. JOSHI' लिखा था, जो पहचान का बड़ा क्लू बना.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़ी टीम गठित की गई. लगभग 80 जवानों ने 4 किलोमीटर क्षेत्र में सर्चिंग की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सोशल मीडिया पर अपील की और गांवों में पूछताछ की.
चार दिनों की मेहनत के बाद शव की शिनाख्त गैस कुमार जोशी के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस सीधे पत्नी कुसुम के पास पहुंची. पहले तो वह गोल-मोल जवाब देती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ में पूरी साजिश कबूल कर ली.
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों की ओर इशारा कर रहा है.