छत्तीसगढ़: लामनी बर्ड पार्क में विदेशी पक्षियों का आगमन
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लामनी बर्ड पार्क में बुधवार को प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण जुड़ गया. पार्क की एवीयरी में दो विदेशी प्रजातियों के पक्षियों ब्लू-एंड-गोल्ड मकाऊ और अफ्रीकन ग्रे पैरेट का आगमन हुआ है. इन रंग-बिरंगे और बुद्धिमान पक्षियों के आने से पार्क की जैव विविधता और भी समृद्ध हो गई है.
ब्लू-एंड-गोल्ड मकाऊ, जिसे आरा अरारौना भी कहा जाता है, मध्य और दक्षिण अमेरिका के जंगलों व सवाना क्षेत्रों का मूल निवासी है. यह तोता अपने चटख नीले और सुनहरे रंग, मजबूत चोंच और इंसानों जैसी बातचीत करने की क्षमता के लिए जाना जाता है.
वहीं अफ्रीकन ग्रे पैरेट अपनी सटीक नकल करने की अद्भुत क्षमता के कारण दुनिया भर में मशहूर है, जो खासतौर पर बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा.
बस्तर वनमंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि ये दोनों पक्षी बेहद सामाजिक, बुद्धिमान और चंचल होते हैं. ये शब्दों और वाक्यांशों को दोहराने में सक्षम हैं और लंबे समय तक जीवित रहते हैं. इनकी आयु 80 वर्ष तक हो सकती है.
उन्होंने कहा कि ऐसे पक्षियों को विशेष देखभाल, संतुलित पोषण और पर्याप्त ध्यान की आवश्यकता होती है.
लामनी बर्ड पार्क में इन विदेशी पक्षियों के आगमन से उम्मीद जताई जा रही है कि पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और लोग, खासकर बच्चे, इन दुर्लभ और आकर्षक पक्षियों को नजदीक से देखने के लिए बड़ी संख्या में पार्क पहुंचेंगे.