छत्तीसगढ़: रायपुर में हीटर से लगी आग से बुजुर्ग जिंदा जला
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर की राजधानी क्षेत्र के अमानाका थाना अंतर्गत टाटीबंद इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. बंद मकान के भीतर आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. आग लगने के समय बुजुर्ग मदद के लिए लगातार चिल्लाते रहे, लेकिन घर बाहर से बंद होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका.
मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि बेटा रोज़ की तरह सुबह घर को बाहर से ताला लगाकर काम पर निकल गया था. बुजुर्ग घर के निचले कमरे में सो रहे थे, जहां रूम हीटर चालू होने की बात सामने आई है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण हीटर को ही माना जा रहा है.
सुबह करीब साढ़े सात बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं उठते और आग की लपटें निकलते देखीं. अंदर से चीख-पुकार सुनकर लोगों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीषण आग और बंद ताले के कारण वे सफल नहीं हो सके.
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी और बुजुर्ग की जान जा चुकी थी. इस देरी को लेकर इलाके में लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली.
आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने घर के भीतर से बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद किया. सूचना पर अमानाका थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. आग के कारणों के साथ-साथ दमकल विभाग की प्रतिक्रिया समय की भी समीक्षा की जाएगी.