तेंदुए की खाल की तस्करी मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, केशकाल वनमंडल और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल ने तेंदुए की खाल की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर आधारित थी. वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाते हुए एक कर्मचारी को फर्जी खरीदार बनाकर तस्करों के पास भेजा.
जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल और एक अन्य वाहन में तेंदुए की खाल लेकर रसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर स्थित ग्राम बैलगांव पहुंचे, पहले से मुस्तैद टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.
मौके से 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने करीब 7 महीने पहले एक 'भरमार बंदूक' का उपयोग कर तेंदुए का शिकार किया था.
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अगले दिन नारायणपुर जिले के ग्राम बोरावण्ड से मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया गया. पुलिस ने शिकार में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली है. जब्त की गई तेंदुए की खाल की लंबाई 195 सेंटीमीटर और चौड़ाई 45 सेंटीमीटर मापी गई है.
वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम के निर्देशन में सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
पकड़े गए आरोपी कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों के रहने वाले हैं.