छत्तीसगढ़: कार से 65 लाख रुपये कैश बरामद
जगदलपुर । संवाददाता: पुरुर थाना पुलिस ने रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर स्थित ग्राम मरकाटोला के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने केशकाल की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो वाहन के अंदर से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई. दो अलग-अलग झोलों में 500-500 रुपये के नए नोटों के बंडल छिपाकर रखे गए थे, जिनकी कुल कीमत 65 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. पुलिस को इस बड़ी रकम को गिनने में करीब तीन घंटे का वक्त लगा.
वैध दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने इस पूरी रकम को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है. पुरुर थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू के मुताबिक, मामला बेहद संवेदनशील होने और नकदी की मात्रा बहुत ज्यादा होने के कारण इसकी रिपोर्ट प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आयकर विभाग को भेज दी गई है.
अब पुलिस और इनकम टैक्स की संयुक्त टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि यह पैसा कहाँ से लाया जा रहा था और इसका वास्तविक उद्देश्य क्या था. इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय व्यापारिक जगत में काफी हलचल देखी जा रही है.
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बालोद के रहने वाले कपड़ा और किराना व्यवसायी अमित जैन के रूप में हुई है, जो जमीन के कारोबार से भी जुड़े हैं.
सूत्रों के हवाले से खबर है कि जिस दिन यह कैश पकड़ा गया, उस दिन कोई जमीन की रजिस्ट्री भी होनी थी. हालांकि, जब मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने अमित जैन से इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उसके लीगल डॉक्यूमेंट्स की मांग की, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब या बिल पेश नहीं कर सके.