छत्तीसगढ़: शिक्षा विभाग में होगी 5,000 पदों पर भर्ती
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के हजारों शिक्षित युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक बड़ा अवसर सामने आया है. स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ही सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5,000 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने जा रहा है.
विभाग ने इस भर्ती परीक्षा के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को अधिकृत कर दिया है. विज्ञापन जारी करने से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और संबंधित प्रपत्र व्यापम को सौंप दिए गए हैं.
फरवरी 2026 से शुरू होने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है.
इस भर्ती में व्याख्याता से लेकर प्रयोगशाला सहायक तक के विभिन्न पद शामिल हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों को रोजगार के समान अवसर प्राप्त होंगे. भर्ती से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस और नियम आने वाले दिनों में आधिकारिक तौर पर जारी किए जाएंगे.
इसी के साथ विभाग ने जानकारी दी है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया अब पूर्ण हो चुकी है.
उल्लेखनीय है कि सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की भर्ती में न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए, सेवा समाप्त किए गए 2,621 बी.एड. डिग्रीधारियों के स्थान पर अब डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान कर दिया गया है.
विभाग के इस नए भर्ती अभियान से न केवल युवाओं को सरकारी सेवा में आने का मौका मिलेगा, बल्कि प्रदेश के स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार होगा.