CG NEET PG: स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 104 सीटें रिक्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमडी और एमएस की रिक्त सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग का अंतिम दौर शुरू हो गया है. संचालनालय चिकित्सा शिक्षा ने छत्तीसगढ़ नीट पीजी 2025 'स्ट्रे वैकेंसी राउंड' का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके तहत कुल 104 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा.
राज्य के मेडिकल कॉलेजों में रिक्त रह गई सीटों को भरने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो गया है, जो 21 फरवरी तक जारी रहेगा. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट cgdme.in पर जाकर अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं.
शेड्यूल के मुताबिक, उम्मीदवार 22 फरवरी दोपहर 1 बजे तक चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. डीएमई ने स्पष्ट किया है कि केवल वही उम्मीदवार चॉइस फिलिंग के लिए पात्र होंगे जिन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण के साथ अनिवार्य सुरक्षा निधि जमा कर दी है.
इस बार रिक्तियों में जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, एनेस्थिसियोलॉजी, साइकियाट्री, डर्मेटोलॉजी और प्रसूति एवं स्त्री रोग (OBGY) जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं.
इन सीटों को स्टेट ओपन कोटा और इंस्टीट्यूशनल कोटा के तहत विभाजित किया गया है, जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और ओपन कैटेगरी के नियम लागू होंगे.
विशेष बात यह है कि एनआरआई ओपन कोटे की कुछ सीटों को नियमों के तहत स्टेट ओपन कोटे में परिवर्तित कर दिया गया है.
काउंसलिंग के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ नीट पीजी हॉल टिकट, स्कोर कार्ड, एमबीबीएस की मार्कशीट, इंटर्नशिप सर्टिफिकेट, मेडिकल काउंसिल पंजीकरण और पहचान पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज अनिवार्य रूप से रखने होंगे.