केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाया ताकि दाम न बढ़े
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी (उत्पाद शुल्क) में बड़ी कटौती की है, जिससे दोनों ईंधनों पर करीब 10 रुपये तक टैक्स कम हो गया है. सरकारी आदेश के अनुसार, पेट्रोल पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है और डीजल पर इसे पूरी तरह खत्म कर दिया गया है.
हालांकि, इस कटौती के बावजूद आम आदमी के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम कम होने की उम्मीद कम है.
इस समय दुनिया भर में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें आसमान छू रही हैं और ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के चलते यह 149 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है.
ऐसे में सरकार द्वारा टैक्स में की गई इस कटौती का मुख्य उद्देश्य तेल कंपनियों को बढ़ते घाटे से बचाना है.
आसान शब्दों में कहें तो, इस कटौती का फायदा ग्राहकों को कीमत कम होने के रूप में नहीं मिलेगा, बल्कि यह आने वाले दिनों में कीमतों को और बढ़ने से रोकने में मदद करेगा.
इस बीच, कई राज्यों में तेल की किल्लत की खबरों के चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखी जा रही हैं.
लोग डर के मारे ज्यादा तेल खरीद रहे हैं. हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में 60 दिनों का पर्याप्त तेल भंडार मौजूद है और तेल की कमी की खबरें महज एक अफवाह हैं.
कई राज्यों में विधानसभा चुनाव के समय महंगाई को काबू में रखने और तेल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है.