जनगणना 2027: पहले चरण के लिए 33 सवालों की सूची जारी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने साल 2027 में होने वाली आगामी जनगणना के लिए प्रश्नावली का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. गुरुवार को 'राजपत्र' में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, गृह मंत्रालय ने जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों के तहत इन प्रश्नों को मंजूरी दी है. इस नए नोटिफिकेशन के साथ ही जनवरी 2020 में जारी की गई पिछली अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है.
2027 की जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी, जिसमें पहले चरण की शुरुआत इस वर्ष 1 अप्रैल से होकर सितंबर तक चलेगी. पहले चरण में 'हाउसलिस्टिंग' और 'हाउसिंग सेंसस' (मकानों की सूची और आवास गणना) का काम होगा.
इस बार जनगणना के पहले चरण में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे, जबकि 2011 में इनकी संख्या 29 थी. नए सवालों में मुख्य रूप से परिवार में इंटरनेट के उपयोग और उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज से संबंधित प्रश्न जोड़े गए हैं. साथ ही, इस बार नागरिकों को 15 दिनों की एक निश्चित अवधि के भीतर 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) यानी खुद से जानकारी भरने की सुविधा भी दी जाएगी.
Notification of questionnaire of Phase I of Census of India 2027 - Houselisting & Housing Census has been issued. The questionnaire for Phase II i.e. Population Enumeration will be notified in due course.
— Census India 2027 (@CensusIndia2027) January 22, 2026
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण - मकानसूचीकरण और मकानों की गणना हेतु… pic.twitter.com/1BHbxmA8fN
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में पूछे जाने वाले सभी 33 प्रश्न इस प्रकार हैं: मकान नंबर, जनगणना मकान नंबर, फर्श, दीवार और छत के लिए उपयोग की गई मुख्य सामग्री, जनगणना मकान का उपयोग, मकान की स्थिति, परिवार नंबर, परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मुखिया का लिंग, क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति/जनजाति या अन्य श्रेणी से है, मकान के स्वामित्व की स्थिति, परिवार के पास उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश (बिजली) का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुविधा, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, स्नान की सुविधा, रसोईघर और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप/कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर/मोटरcycle/मोपेड, कार/जीप/वैन, परिवार द्वारा खाया जाने वाला मुख्य अनाज और जनगणना संबंधी संचार के लिए मोबाइल नंबर.
जनगणना का दूसरा चरण बाद में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या की विस्तृत गणना की जाएगी और सूत्रों के अनुसार इसी चरण में जाति संबंधी डेटा भी एकत्र किया जा सकता है.