उपचुनाव का ऐलान: असम, बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में, 6 Oct को मतदान
नई दिल्ली । डेस्क: निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों तथा असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है. इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक संपन्न करा ली जाएगी. आयोग के इस फैसले के साथ ही संबंधित जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्याशी 16 सितंबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. यह उपचुनाव संबंधित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीटों को भरने के लिए कराए जा रहे हैं.
तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक (AIADMK) के टिकट पर जीतीं मारागथम कुमारवेल और पी. सत्यभामा के इस्तीफे के बाद मदुरंतकम और धारापुरम सीटें खाली हुई हैं. दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) में शामिल होने के बाद इस्तीफा दिया था.
इसके अलावा राज्य की अन्य पांच सीटों पर अदालती याचिकाओं के लंबित होने के कारण अभी चुनाव की घोषणा नहीं की गई है.
पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट से एन. रंगासामी ने दो जगहों से चुनाव जीतने के बाद इस्तीफा दिया था, जिससे यह सीट खाली हुई है.
पश्चिम बंगाल की दो प्रमुख सीटों-रेजीनगर और नंदीग्राम-पर उपचुनाव होना है. नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस्तीफा दिया है, जिन्होंने भवानीपुर सीट को अपने पास रखने का फैसला किया है. अधिकारी ने हालिया चुनावों में भवानीपुर से ममता बनर्जी को शिकस्त दी थी.
वहीं, टीएमसी से निष्कासित नेता हुमायूं कबीर द्वारा रेजीनगर सीट छोड़ने के बाद, ममता बनर्जी के यहां से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं.
असम की नौगॉंव लोकसभा सीट पर भी 6 अक्टूबर को ही उपचुनाव होगा. यह सीट कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई है.
आयोग ने साफ किया है कि मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) मुख्य दस्तावेज होगा, लेकिन मतदाता पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या अन्य सरकारी फोटो पहचान पत्रों का उपयोग करके भी वोट डाल सकेंगे.