रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

उमर खालिद को न्यूयॉर्क मेयर की नोट पर भड़की BJP: कहा- बर्दाश्त नहीं विदेशी दखल

C

CG Khabar

02 जन. 2026, 03:08 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

गौरव भाटिया भाजपा
गौरव भाटिया भाजपा

नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी द्वारा जेल में बंद कार्यकर्ता उमर खालिद के लिए लिखे गए एक नोट पर कड़ी आपत्ति जताई है. भाजपा ने इसे भारत के आंतरिक मामलों में "हस्तक्षेप" करार देते हुए स्पष्ट किया है कि देश की संप्रभुता के खिलाफ किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 


भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ममदानी के 'लोकस स्टैंडी' (हस्तक्षेप के अधिकार) पर सवाल उठाए और उन्हें चेतावनी दी कि यदि भारत की संप्रभुता को चुनौती दी गई, तो 140 करोड़ भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट खड़े होंगे. 

विज्ञापन

भाटिया ने जोर देकर कहा कि भारत की जनता को देश की न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है और किसी बाहरी व्यक्ति को भारत के लोकतंत्र या न्यायिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है.


यह विवाद तब शुरू हुआ जब उमर खालिद की साथी बनोज्योत्स्ना लाहिड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ममदानी का एक हस्तलिखित नोट साझा किया. इस नोट में ममदानी ने खालिद के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके माता-पिता से मिलने का जिक्र किया था. 


इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए गौरव भाटिया ने पूछा कि भारत को तोड़ने की मानसिकता रखने वाले व्यक्ति का समर्थन करने वाला यह बाहरी व्यक्ति कौन होता है. 


गौरतलब है कि उमर खालिद पर फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों का मुख्य साजिशकर्ता होने के आरोप में कड़े आतंकवाद विरोधी कानून (UAPA) के तहत मामला दर्ज है. 


भाजपा ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी के समर्थन में विदेशी हस्तक्षेप पूरी तरह अनुचित है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP