सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

BJP अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं: नितिन गडकरी

C

CG Khabar

06 अप्रै. 2026, 02:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

नितिन गडकरी
नितिन गडकरी

नागपुर । डेस्क: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को विपक्षी दलों पर भाजपा को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह धारणा पूरी तरह गलत है कि पार्टी मुस्लिम या अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ है. नागपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गडकरी ने स्पष्ट किया कि भाजपा न तो जातिवादी है और न ही सांप्रदायिक. 


उन्होंने कहा कि भारत में पूजा पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी संस्कृति, इतिहास और विरासत एक है.

विज्ञापन


हिंदुत्व की व्याख्या करते हुए गडकरी ने कहा कि 'राष्ट्रीयत्व और भारतीयत्व' ही हिंदुत्व है. यह कोई जाति या संप्रदाय नहीं, बल्कि एक समावेशी जीवन पद्धति है. 


उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के हवाले से कहा कि भारत बहुसंख्यक हिंदू समुदाय की समावेशी संस्कृति के कारण ही हमेशा धर्मनिरपेक्ष रहेगा. गडकरी ने धर्मनिरपेक्षता का असली अर्थ 'सर्वधर्म समभाव' बताया.


इस दौरान गडकरी ने ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता दिवंगत अयातुल्ला खमेनेई के साथ अपनी मुलाकात का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि चाबहार बंदरगाह के काम के दौरान खमेनेई ने उनसे कहा था कि फारसी भाषा की उत्पत्ति संस्कृत से हुई है और उनके पूर्वज लखनऊ के पास एक गांव के थे. 


गडकरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा विश्व कल्याण की भारतीय परंपरा में विश्वास रखती है और सभी विचारधाराओं का सम्मान करती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP