शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: तीसरी की छात्रा की करैत सांप ने डसने से मौत

C

CG Khabar

28 जुल. 2026, 01:32 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

मृतक बच्ची
मृतक बच्ची

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर में जहरीले सांप के काटने से नौ साल की एक मासूम बच्ची की जान चली गई. मृतक बच्ची की पहचान ग्राम पंचायत पचरा के खसरियापारा निवासी शालनी अघरिया के रूप में हुई है, जो गांव के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीसरी की छात्रा थी. इस अचानक हुई त्रासदी से न केवल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, बल्कि पूरे गांव में भी मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है.


घटना सोमवार देर रात करीब ढाई बजे की है, जब शालनी अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी. उसी दौरान एक विषैला करैत सांप कमरे में दाखिल हुआ और बच्ची के हाथ की उंगली पर काट लिया. 

विज्ञापन

परिजनों को जब कमरे में सांप नजर आया और बच्ची की उंगली पर डसने के निशान दिखे, तो घर में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन बिना देरी किए उसे तुरंत रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.


अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सिम्स (CIMS) अस्पताल, बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया. 


सिम्स में डॉक्टरों की टीम ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया और इलाज शुरू किया, लेकिन विष का असर अधिक होने के कारण मंगलवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे उसने दम तोड़ दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP