शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिहार: कोचिंग से लौट रही 10वीं की छात्रा से सरेराह दरिंदगी

C

CG Khabar

21 सित. 2026, 09:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रेप
रेप

नई दिल्ली । डेस्क: बिहार के जमुई में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने राज्य की कानून-व्यवस्था पर फिर से कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे, कोचिंग पढ़कर घर लौट रहे 10वीं के दो छात्र-छात्राओं को राहगीरों की एक बेकाबू भीड़ ने रास्ते में रोक लिया. 


इसके बाद भीड़ ने न केवल दोनों छात्रों के साथ मारपीट और बदसलूकी की, बल्कि नाबालिग छात्रा का सरेराह यौन उत्पीड़न भी किया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस घटना के भयावह वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर अपनी रिहाई की भीख मांगती दिख रही है, जबकि उपद्रवी उसे घसीटते और छूते नजर आ रहे हैं. वहीं, लड़के को भी थप्पड़ मारकर उसका कॉलर खींचते हुए प्रताड़ित किया गया.


इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तीव्र आक्रोश फैल गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सरकार को घेरते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है. राहुल गांधी ने इसे संस्कृति नहीं बल्कि पितृसत्तात्मक और मॉब-संस्कृति का घिनौना रूप बताया. 


उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह घटना 19 सितंबर की है, तो आरोपी अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? राहुल ने मांग की कि वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान कर उनके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत त्वरित कार्रवाई की जाए और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे आम सड़कों पर लड़कियां सुरक्षित क्यों नहीं हैं. 


वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भी बिहार की सरकार पर निशाना साधते हुए मॉरल पुलिसिंग और महिलाओं के सम्मान के उल्लंघन पर सवाल उठाए हैं.


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है. जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के अनुसार, हालांकि पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर दोनों छात्रों की पहचान कर ली गई है और संलिप्त आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है. 


वहीं बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने बताया कि उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात की है. लखीसराय-जमुई सीमा के पास हुई इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP