बेंगलुरु माइनिंग हादसा: छत्तीसगढ़ के धर्मेंद्र की मौत
पेंड्रा । संवाददाता: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मडपट्टना में एक पत्थर खदान में भारी-भरकम चट्टान खिसकने से आठ मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों में छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का रहने वाला 28 वर्षीय युवक धर्मेंद्र सिंह भी शामिल है. वह पिछले पांच साल से वहां ब्लास्टिंग मशीन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था. हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
धर्मेंद्र के पिता लाल सिंह ने बताया कि उन्हें इस भयावह घटना की जानकारी प्रशासन या कंपनी के किसी अधिकारी से नहीं, बल्कि धर्मेंद्र के साथ काम करने वाले साथी मजदूरों से मिली. परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र इसी साल मार्च में होली के त्योहार पर घर आया था. वह परिवार का सहारा था और हर महीने घर पैसे भेजता था.
इस दुखद घटना के बाद धर्मेंद्र के परिजनों और रिश्तेदारों में भारी आक्रोश है. परिजनों ने मांग की है कि धर्मेंद्र के शव को जल्द से जल्द उनके गृह ग्राम पेंड्रा वापस लाया जाए. साथ ही उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच और उचित मुआवजे की मांग की है.
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि मडपट्टना में पत्थर खदान ढहने से करीब आठ लोगों की जान गई है. मृतकों में से अधिकांश मजदूर अन्य राज्यों के रहने वाले थे, जबकि एक स्थानीय था.
गृह मंत्री ने कहा कि खान एवं भूविज्ञान विभाग और गृह विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी स्थिति की समीक्षा की जा रही है. हादसे की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरआर अस्पताल भेजा गया है.