शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बंगाल चुनाव: लुंगी पहनकर वोट देने पहुंचे बुजुर्गों को सुरक्षाकर्मियों ने रोका

C

CG Khabar

30 अप्रै. 2026, 08:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

मतदान
मतदान

कोलकाता । डेस्क: द टेलीग्राफ इंडिया के हवाले खबर है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले में एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया. यहां के गोबरडांगा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुचिला प्राइमरी स्कूल (बूथ संख्या 189) में दो बुजुर्ग मतदाताओं को उनके पहनावे के कारण मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया.


देशेर अली मंडल और गणेश मजूमदार नाम के दो बुजुर्ग जब अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे, तो वहां तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उन्हें 'लुंगी' पहनने के कारण अंदर जाने से मना कर दिया. सुरक्षाकर्मियों ने उनसे दो टूक कहा कि वे घर जाएं, कपड़े बदलें और फिर वापस आएं.

विज्ञापन


800 मीटर पैदल चलकर घर वापस लौटे देशेर अली मंडल ने बताया कि मतदान करने के लिए उन्हें अपने पोते की पैंट उधार मांगकर पहननी पड़ी, जिसके बाद ही उन्हें बूथ में प्रवेश मिला. 

गणेश मजूमदार ने भी इसी तरह कपड़े बदलकर अपना वोट डाला. 


इस घटना पर नाराजगी जताते हुए मजूमदार ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि उन्हें क्यों रोका गया, क्योंकि चुनाव आयोग का ऐसा कोई निर्देश नहीं है जो मतदाताओं के लिए किसी विशेष 'ड्रेस कोड' या पहनावे को अनिवार्य करता हो.


गौरतलब है कि बुधवार को कोलकाता सहित छह जिलों की 142 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ. हालांकि चुनाव मोटे तौर पर शांतिपूर्ण रहा, लेकिन इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP