बीजापुर में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में दो इनामी माओवादी ढेर
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में इन्द्रावती नदी क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गुरूवार सुबह हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी इनामी माओवादी मारे गए. मुठभेड़ स्थल से SLR और INSAS राइफल समेत कई हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार, थाना जांगला क्षेत्रांतर्गत जैगुर-डोडुम इलाके में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सशस्त्र माओवादी कैडरों की मौजूदगी की विशिष्ट सूचना पर 25 फरवरी की शाम DRG टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. 26 फरवरी की सुबह लगभग 6 बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही.
मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए. उनकी प्रारंभिक पहचान इस प्रकार हुई है. एसीएम हिचामी मडडा (भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य) – घोषित इनाम ₹5 लाख, एसीएम मनकी पोड़ियम (भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य) – घोषित इनाम ₹5 लाख.
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने निम्नलिखित सामग्री जब्त की-
1 SLR राइफल, 3 मैगजीन, 55 राउंड
1 INSAS राइफल, 3 मैगजीन, 19 राउंड
1 बारह बोर बंदूक, 2 सेल
2 हैंड ग्रेनेड, 2 देशी हैंड ग्रेनेड
डेटोनेटर, स्कैनर बैटरी, मैकेनिज्म, दवाइयां, पाउच एवं अन्य नक्सली सामग्री
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है. अभियान में DRG के साथ बस्तर फाइटर्स, STF, CRPF और CoBRA के जवान भी तैनात हैं.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने अपील की कि सक्रिय माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटें, जैसा कि कई पूर्व कैडर कर चुके हैं.
क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई है और इन्द्रावती नदी के आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.