बांग्लादेश: हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग पर शशि थरूर सख्त
बांग्लादेश: हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग पर शशि थरूर सख्त, कार्रवाई की मांग की
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में मचे बवाल के बीच मैमनसिंह में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या और उसके शव को जलाए जाने की बर्बर घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है. कांग्रेस सांसद और संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर थरूर ने घटना को 'असहनीय और दुखद' बताते हुए कहा कि हालांकि वह बांग्लादेश सरकार द्वारा इस कृत्य की निंदा किए जाने की सराहना करते हैं, लेकिन केवल निंदा काफी नहीं है.
उन्होंने सवाल किया कि अपराधियों को सजा देने और भविष्य में अल्पसंख्यकों पर ऐसे हमलों को रोकने के लिए सरकार ठोस कदम क्या उठा रही है?
पीड़ित की पहचान 27 वर्षीय दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है, जो मैमनसिंह में एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करता था. आरोप है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के संदेह में उग्र भीड़ ने उसे बेरहमी से पीटा और हत्या के बाद उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी.
इस अमानवीय कृत्य की शशि थरूर के अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और शिव सेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कड़ी निंदा की है.
इस बीच, बढ़ते दबाव को देखते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है. रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने इस मामले में अब तक सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनमें लिमन सरकार, तारिक हुसैन और माणिक मियां जैसे लोग शामिल हैं.
मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के कार्यालय ने पुष्टि की है कि पुलिस और सुरक्षा बल अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अन्य दोषियों की तलाश कर रहे हैं. भारत में विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार से भी इस मुद्दे को बांग्लादेशी समकक्षों के सामने उठाने और वहां रह रहे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.