बांग्लादेश: नई सरकार के गठन के बाद सेना में भारी फेरबदल
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में नई सरकार के कार्यभार संभालने के बाद सेना के शीर्ष नेतृत्व में बड़े बदलाव किए गए हैं. रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर बांग्लादेश सेना मुख्यालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी किए गए.
इन बदलावों के तहत लेफ्टिनेंट जनरल मोइनुर रहमान को बांग्लादेश सेना का नया 'चीफ ऑफ जनरल स्टाफ' नियुक्त किया गया है, जो इससे पहले आर्मी ट्रेनिंग एंड डॉक्ट्रिन कमांड में तैनात थे.
वहीं, आर्म्ड फोर्सेस डिवीजन के प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर लेफ्टिनेंट जनरल एसएम कमरुल हसन को विदेश मंत्रालय स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां संभावना जताई जा रही है कि उन्हें किसी देश में राजदूत के रूप में नियुक्त किया जा सकता है.
मेजर जनरल मीर मुशफिकुर रहमान को नया प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर बनाया गया है, जबकि कई अन्य डिवीजनल कमांडरों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है.
महत्वपूर्ण बात यह है कि दिल्ली में बांग्लादेशी उच्चायोग में तैनात ब्रिगेडियर जनरल मुहम्मद हाफिजुर रहमान को पदोन्नत कर मेजर जनरल बनाया गया है और उन्हें 55वीं इन्फैंट्री डिवीजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
हालांकि रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने इसे एक नियमित प्रक्रिया (रूटीन ट्रांसफर) बताया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक नई सरकार के गठन के तुरंत बाद हुए इन फेरबदल को सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मान रहे हैं.