बलरामपुर: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से में राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पतरापारा में गाज गिरने से मां और बेटी की असमय मौत हो गई. मृतकों की पहचान 33 वर्षीय मानती टेकाम और उनकी 14 साल की बेटी कुमारी विमला टेकाम के रूप में हुई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी मुआबजा और सहायता राशि देने की मांग की है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उस वक्त हुई जब दोनों खेत में कृषि कार्य में जुटी हुई थीं. दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी.
बरसात से खुद को बचाने के लिए मां-बेटी खेत के ही पास मौजूद एक सेमर के पेड़ की ओट में जाकर खड़ी हो गईं. इसी दौरान कड़कड़ाती धूप के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी. गाज की चपेट में आने से दोनों बुरी तरह झुलस गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने जब यह मंजर देखा, तो तुरंत इसकी सूचना मृतका के परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और पंचनामा समेत आगे की सभी जरूरी कानूनी व वैधानिक औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं. इस मामले में मृतका के परिजन प्रमोद कुमार टेकाम (22 वर्ष) ने थाने में आकर मर्ग की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आगे की जांच जारी है.
इस दुखद हादसे के बाद राजपुर पुलिस ने आम जनता के लिए एक जरूरी एडवायजरी जारी की है. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जब भी मौसम खराब हो, बारिश या बिजली कड़कने की स्थिति बने, तो भूलकर भी खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों या ट्रांसफार्मर जैसे बिजली आकर्षित करने वाले स्थानों के नीचे शरण न लें. खराब मौसम के दौरान हमेशा पक्के मकानों या सुरक्षित जगहों पर ही ठहरें और मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली चेतावनियों को गंभीरता से लें.