अयोध्या राम मंदिर दानपात्र चोरी मामला: दोषियों को मिले सख्त सजा- RSS
अयोध्या । डेस्क: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानपात्रों से चोरी की घटना पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है. आरएसएस के सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबोले ने एक बयान जारी कर कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे समाज और राम भक्तों की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है. उन्होंने मांग की है कि जांच के बाद इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए.
दत्तात्रेय होसबोले ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से अपेक्षा जताई है कि वह इस बेहद निंदनीय घटना को एक असाधारण मामला मानते हुए मंदिर प्रबंधन और संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी है.
जांच पर जताया भरोसा, समाज से धैर्य की अपील
आरएसएस के दूसरे सबसे बड़े पदाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर इस मामले में एक विशेष जांच दल का गठन किया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर प्रबंधन और एसआईटी मिलकर जल्द ही इस असमंजस और अनिश्चितता की स्थिति को समाप्त करेंगे. उन्होंने पारदर्शिता, वित्तीय प्रबंधन और पवित्रता के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर बल दिया.
इसके साथ ही, दत्तात्रेय होसबोले ने इस संवेदनशील मोड़ पर हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि कुछ "देश-विरोधी और हिंदू-विरोधी ताकतें" इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर सनातन धर्म और समाज को बदनाम करने की साजिश रच रही हैं. उन्होंने आह्वान किया कि समाज को एकजुट रहकर ऐसी किसी भी साजिश को नाकाम करना होगा.