शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ में एक और हाथी की मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक और हाथी की मौत

C

CG Khabar

01 फ़र. 2025, 08:27 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

हाथी की मौत
हाथी की मौत

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फिर एक हाथी की मौत हो गई है. बताया गया कि यह हाथी बीमार था और पिछले कुछ दिनों से छाल रेंज के जंगलों में विचरण कर रहा था. वन विभाग के द्वारा लगातार दवाई खिला कर उपचार किया जा रहा था. लेकिन शुक्रवार को हाथी की मौत हो गई. घायल हाथी के पैरों के अलावा शरीर के कई जगह चोट के निशान थे.


वन विभाग के मुताबिक विगत दिसंबर माह में कोरबा वन मंडल क्षेत्र में यह हाथी बीमार हो गया था. उसका वहां उपचार चल रहा था, लेकिन हाथी विचरण करते हुए धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में पहुंच गया.

जानकारी मिलते ही धऱमजयगढ़ वन मंडल के अधिकारी उस पर लगातार नजर बनाए हुए थे. साथ ही उपचार भी कर रहे थे. गुड़ और केले के जरिए उसे दवा दे रहे थे. लेकिन उसकी तबियत में कुछ खास सुधार नहीं हो रहा था. जिसे देखते हुए बेहतर उपचार के लिए छाल रेंज के बेहरामार वन परिसर में घायल हाथी के लिए एक बाड़ा तैयार किया गया था. 


दो कुनकी हाथी बुलाए गए
शुक्रवार को घायल हाथी को उपचार के लिए बाड़े में ले जाने के लिए अंबिकापुर के रमकोला से दो कुमकी हाथी बुलाए गए. इसके बाद चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी को ले जाने के लिए कवायद शुरू की.

इस दौरान घायल हाथी कुछ दूर चला फिर गिर गया. जिसके बाद हाथी नहीं उठा और उसकी मौत हो गई. इसकी जानकारी वन विभाग के उच्चाधिकारियों को दी गई. 


घाव में फैल गया था इंफेक्शन

इस संबंध में छाल वन परिक्षेत्र के रेंजर चंद्रविजय सिंह सिदार ने बताया कि हाथी के पैरों के अलावा शरीर में कई जगह चोट के निशान थे. हो सकता है हाथियों के आपसी लड़ाई में उसे चोट लगी हो. वन विभाग द्वारा लगातार उसकी निगरानी की जा रही थी. हाथी घायल होने के बाद भी लगातार जंगल में घूम रहा था जिससे उसका घाव सही नहीं हो पाया और इंफेक्शन फैलने से कारण उसकी मौत हो गई. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP