दिल्ली में किफायती उपायों की घोषणा- वर्क फ्रॉम होम और 'मेट्रो डे'
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी में बढ़ते बोझ को कम करने और सरकारी कामकाज में बचत लाने के लिए कई बड़े 'किफायती उपायों' की घोषणा की है. इन नए नियमों के तहत अब दिल्ली सरकार के कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) कर सकेंगे, साथ ही निजी कंपनियों को भी इसी तर्ज पर दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सलाह दी गई है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बड़े कॉर्पोरेट घरानों से वे स्वयं व्यक्तिगत रूप से इसके लिए अनुरोध करेंगी.
यातायात की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक सोमवार को 'मेट्रो डे' घोषित किया है, जिसके तहत सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी कार्यालय आने-जाने के लिए अनिवार्य रूप से मेट्रो का उपयोग करेंगे.
इसके अतिरिक्त, कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया गया है. अब दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10.30 बजे से शाम 7.00 बजे तक चलेंगे, जबकि नगर निगम के कार्यालय सुबह 8.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक संचालित होंगे.
शिक्षा क्षेत्र और प्रशासनिक बैठकों के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि कम से कम 50% बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाएं. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से भी अनुरोध किया गया है कि वे थ्योरी क्लास, गेस्ट लेक्चर और प्रशासनिक बैठकें ऑनलाइन मोड में ही आयोजित करें.
सरकारी खर्चों में कटौती के उद्देश्य से, अगले एक साल तक दिल्ली सरकार के किसी भी मंत्री या अधिकारी की आधिकारिक विदेश यात्राओं पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और अगले तीन महीनों तक किसी भी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम या सम्मेलन का आयोजन नहीं किया जाएगा.