रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

आंध्र प्रदेश में पुलिस ने 51 माओवादियों को दबोचा

C

CG Khabar

19 नव. 2025, 02:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गिरफ्तार माओवादी
गिरफ्तार माओवादी

विशाखापट्टनम । डेस्क:आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में आतंकवाद रोधी अभियान संगठन (OCTOPUS) और पुलिस कर्मियों ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 माओवादियों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों से एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में हुई यह पहली गिरफ्तारी है.


गिरफ्तारियां कृष्णा, एलुरु, एन टी आर, काकीनाडा और डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिलों में माओवादी ठिकानों पर चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान हुईं. पुलिस ने कृष्णा जिले से 28, एलुरु से 15, एन टी आर से 5, काकीनाडा से 2 और डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा से 1 माओवादी को गिरफ्तार किया.

विज्ञापन


अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) महेश चंद्र लड्ढा ने बताया कि छत्तीसगढ़ और आंध्र-ओडिशा सीमा (AOB) जैसे क्षेत्रों में लगातार हो रहे अभियानों के कारण माओवादी अपने ठिकानों को शहरों और शहरी क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने कहा, "राज्य में शीर्ष नेताओं के प्रवेश की सूचना पर, पुलिस टीमों ने माओवादियों पर कार्रवाई की, जिसमें छह मारे गए और 50 से अधिक गिरफ्तार हुए."


OCTOPUS टीमों ने गिरफ्तार माओवादियों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद, नकदी और अन्य सामग्री भी जब्त की है. पुलिस ने कहा कि भागे हुए लोगों की तलाश जारी है और माओवादी डंप (छिपाए गए हथियार और सामग्री) का पता लगाने के लिए भी खोजबीन चल रही है.


कृष्णा जिले के पुलिस अधीक्षक वी. विद्या सागर नायडू ने बताया कि पेनामलुरु मंडल में एक निजी घर से गिरफ्तार किए गए 28 माओवादियों में 21 महिलाएं शामिल हैं. गिरफ्तार लोगों में सीपीआई (माओवादी) के महासचिव थिप्पीरी तिरुपति के नौ सुरक्षाकर्मी और हिडमा के दलम सदस्य भी शामिल हैं. एलुरु जिले के एसपी के. प्रताप शिव किशोर ने बताया कि एलुरु के बाहरी इलाके में ग्रीन सिटी स्थित एक निजी इमारत में छिपे 15 माओवादियों को भोर के समय गिरफ्तार किया गया, जिनमें 4 महिला माओवादी और हिडमा दलम के 11 सदस्य शामिल थे.

symbolic photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP