हवाई सफर की बढ़ती मांग के बीच अदाणी ग्रुप ने एयरलाइंस सेक्टर में निवेश के लिए सरकार से मांगी मंजूरी
देश में 60 करोड़ से अधिक संभावित हवाई यात्रियों की मांग को पूरा करने और रोजाना उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए अदाणी ग्रुप ने एयरलाइन कंपनियों या नए उद्यमियों में निवेश करने की इच्छा जताई है.
मुंबई । डेस्क: हवाई यात्रा की बढ़ती मांग के बीच अदाणी ग्रुप ने भारत के एविएशन सेक्टर के विस्तार को गति देने के लिए एयरलाइंस क्षेत्र में निवेश करने की सरकारी मंजूरी मांगी है. ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) जुगेशिंदर रॉबी सिंह ने शुक्रवार को मुंबई में इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट से इतर यह जानकारी दी.
सिंह ने कहा कि देश में 60 करोड़ से अधिक लोगों में हवाई सफर करने की क्षमता है, लेकिन इस मांग को पूरा करने के लिए भारत को अपने दैनिक उड़ान संचालन को लगभग 10 गुना बढ़ाकर करीब 30,000 करने की आवश्यकता है. इसी कारण समूह ने सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें कम से कम निवेश करने की अनुमति दी जाए, ताकि वे किसी फंड, अन्य एयरलाइन कंपनी या इस क्षेत्र में उतरने के इच्छुक उद्यमी के जरिए एयरलाइंस के विकास में सहयोग कर सकें.
समूह का यह कदम पहले के उन संकेतों के बीच आया है, जिनमें सीधे एयरलाइन व्यवसाय में उतरने से इनकार किया गया था. इस साल जुलाई में अदाणी ग्रुप ने स्पष्ट किया था कि वह एयरलाइंस व्यवसाय में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहा है, वहीं 3 नवंबर को अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के मुख्य कार्यकारी अरुण बंसल ने भी यह कहते हुए खुद की एयरलाइन शुरू करने की संभावना को खारिज कर दिया था कि ग्राहकों के साथ प्रतिस्पर्धा करना कभी भी एक अच्छी रणनीति नहीं होती है.
वर्तमान में अदाणी ग्रुप देश भर में मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी सहित कुल आठ हवाई अड्डों का संचालन करता है, जो सामूहिक रूप से भारत के एक-चौथाई से अधिक हवाई यात्री यातायात को संभालते हैं.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब भारतीय एयरलाइन उद्योग में टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया और राहुल भाटिया द्वारा संचालित इंडिगो का दबदबा है, जिनका बाजार के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण है. इसके अतिरिक्त, पिछले साल इंडिगो की परिचालन समस्याओं के कारण हजारों उड़ानें रद्द होने के बाद से ही देश में अधिक एयरलाइंस के संचालन की मांग जोर पकड़ रही है.