अंबिकापुर: तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंदा, मौके पर ही मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक भीषण सड़क हादसे में महिला कर्मचारी की जान चली गई. शहर के व्यस्ततम बंगाली चौक के पास अचानक एक अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रही महिला को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भयानक था कि ट्रक का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया.
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बौरीपारा निवासी वंदना मेहता के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग में कार्यरत थीं और हादसे के वक्त पैदल ही अपने घर बौरीपारा की तरफ लौट रही थीं.
दिनदहाड़े हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए भीड़ को शांत कराया और यातायात को सुचारू किया.
मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, वहीं आरोपी चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.